Categories
Poetry

नर नाहर में अब क्या अंतर

नर नाहर में अब क्या अन्तर !!

नाहर निज क्षुधा तृप्ति के वश, होकर मृगया कर लेता है।
पर मानव क्यों दानव बनकर निर्मम हत्या कर देता है !

क्या यही धर्म का पालन है ? क्या यही सृष्टि का नियमन है ?
या यह तृष्णा की साजिश है, या हैवानों की मजलिस है !

क्यों मानव ही मानव को अब नित नई यातना देता है?
सब एक पिता की सन्तति हैं! क्यों यह विस्मृत कर देता है।

क्यों सृष्टि-स्वरूपा आदि शक्ति कन्या भोग्या बन जाती है? 
निर्दोष, दीन मानवता अब दर- दर की ठोकर खाती है ।
क्यों नन्हे मासूमों से भी , बर्बरता बरती जाती है?
पाशविक और कुत्सित मनसा, क्यों दिन दिन बढ़ती जाती है !!

क्या यही प्रगति का लक्षण है? क्या यही सभ्यता है युग की ?
क्या यही मार्ग है उन्नति का ? क्या यही नियति है इस जग की !

अब भी यदि नहीं रुका सब तो ब्रह्मांड हमें धिक्कारेगा !
फिर ‘मानव’ क्या ”दानव” कह भी 
क्या ! कोई हमें पुकारेगा ?

“आशुतोष त्रिपाठी “

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *